मोतिहारी में 10वीं के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। साइकिल से कोचिंग जा रहे 16 साल के छात्र को पहले दो लोगों ने रोका, उससे बातचीत की और फिर गोली मार कर हत्या कर दी।
वारदात गुरुवार सुबह मधुबन थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर पुल पर घटी है। छात्र का नाम लक्ष्य कुमार सिंह है। लक्ष्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वो अपनी बुआ के घर पर रहकर पढ़ाई करता था। कुछ लोग मामले को प्रेम-प्रसंग से जोड़ रहे हैं।
लक्ष्य को एक के बाद एक तीन गोलियां मारी गईं। जिसमें से दो उसके सीने और एक सिर पर मारी, जिससे मौके पर ही किशोर ने दम तोड़ दिया।
वॉट्सऐप पर मारे गए छात्र की फोटो शेयर होने पर घरवालों को घटना की जानकारी मिली। परिजनों का आरोप है कि वारदात से 5 किमी की दूरी पर थाना है, फिर भी पुलिस डेढ़ घंटे बाद पहुंची।
लक्ष्य फेनहारा थाना क्षेत्र के मनकरवा गांव के बसंत सिंह का इकलौते बेटा था। वो कृष्णा नगर में अपनी बुआ के घर पर रह कर मधुबन में दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसके माता-पिता का घर करीब 12 किमी दूर है।
कृष्णा नगर पुल पर छात्र को गोली मारने की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ लग गई। लोगों ने तुरंत उसकी फोटो वॉट्सऐप पर डाली। फोटो सर्कुलेट हुआ तो परिजनों को जानकारी मिली। करीब आधे घंटे के अंदर परिजन वहां पहुंच गए। इधर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से तीन खोखे भी मिले हैं।
मृतक लक्ष्य के भाई अंकित सिंह ने मधुबन थाना पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के घंटों बाद पुलिस पहुंची। परिजनों का आरोप है कि 12 किलोमीटर की दूरी तय कर हम लोग पहुंच गए, लेकिन पांच किलोमीटर की दूरी तय करने में पुलिस को घंटों समय लग गया।
गोली चलने की सूचना पर पकड़ीदयाल एसडीपीओ सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। घटना की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अभी घटना की वजह पता नहीं चली है।